बरेली। प्राथमिक विद्यालय करगैना द्वितीय का हाल खराब है। अनदेखी के चलते यहां के बच्चे पेयजल की किल्लत और जलभराव के संकट से जूझ रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत के बावजूद मामले का कोई समाधान नहीं हो सका है।
ब्लॉक क्यारा के गांव करगैना में स्थित बेसिक शिक्षा विभाग का प्राथमिक विद्यालय द्वितीय बदहाली से जूझ रहा है। प्रधानाध्यापक पुष्पा जोशी ने बताया कि स्कूल गहराई में बना होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही नाली का पानी वहां भर जाता है। पिछले दिनों से यहां पानी भरा है, जिससे बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है। वहीं, स्कूल का एकमात्र नल पिछले करीब छह महीने से खराब है। अधिकारियों को लिखकर दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बच्चे सड़क पार करके पानी पीने जाते हैं, जिससे हादसे का डर बना रहता है।