बरेली। जंक्शन से सुबह 12.10 बजे चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस बुधवार से टनकपुर से चलेगी। ट्रेन का जंक्शन से चलने के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। तीन कोच में स्लीपर का टिकट भी पहले की ही भांति मिलेगा। टनकपुर से बरेली सिटी तक एनईआर का चेकिंग स्टॉफ रहेगा। ट्रेन भोजीपुरा स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
जंक्शन से सिंगरौली (14369/14370) और शक्तिनगर (24369/24370) तक चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस सुबह 7.45 बजे टनकपुर से चलेगी। इसके बाद 8.28 बजे मझोला पकड़िया, 9.10 बजे पीलीभीत, 10.26 बजे इज्जतनगर, 11.05 बजे बरेली सिटी और 11.45 बजे जंक्शन पहुंचकर 12.10 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। वापसी में दोपहर 12.41 बजे बरेली सिटी, दोपहर एक बजे इज्जतनगर स्टेशन, 2.25 बजे पीलीभीत, तीन बजे मझोला पकड़िया होते हुए शाम 4.25 बजे टनकपुर पहुंचेगी। ट्रेन का भोजीपुरा जंक्शन पर ठहराव नहीं किया गया है, जिससे लालकुआं, किच्छा, बहेड़ी और भोजीपुरा के लोगों को त्रिवेणी एक्सप्रेस में यात्रा की सुविधा नहीं मिल सकेगी। इज्जतनगर स्टेशन पर शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार ट्रेन और यात्रियों का स्वागत करेंगे। उधर, ट्रेन के टनकपुर से चलने पर बरेली के लोगों को जगह की दिक्कत होगी।