बरेली। मोहब्बत के त्योहार ‘वेलेंटाइन वीक’ की शुरुआत गुरुवार को ‘रोज डे’ के साथ हो गया है। जिसकी तैयारी फूल विक्रेताओं ने पहले ही कर रखी थी। सुबह से ही अपने खास के लिए गुलाब के फूलों को खरीदने के लिए लोगों का जमावड़ा लगने लगा था। देर शाम तक जमकर गुलाब की बिक्री हुई। एक दूसरे को गुलाब देकर रोज डे की परंपरा निभाई। बताते हैं कि बेहद खास मौके के लिए बाहर से मंगाए गए गुलाब की खेप के बाद भी शाम तक कम पड़े गए। जिसके बाद उन्हें ऊंचे दामों में बेचकर दुकानदारों ने मुनाफा कमाया।
बटलर प्लाजा के एक फूल विक्रेता के मुताबिक रोज डे पर गुलाब की मांग को देखते हुए दिल्ली और नासिक से गुलाब मंगाए थे। कुछ ने बुके खरीदा तो ज्यादातर ने गुलाब की एक कली खरीदी। युवाओं ने अपने दोस्तों और खास के लिए तो वहीं, शादी शुदा जोड़ों ने भी अपने हमसफर के लिए जमकर गुलाब की खरीदारी कर आपस में खुशियां बांटी। इस बहाने उन्होंने अपने रूठे हुए खास को मनाया तो कइयों ने अपने प्यार का इजहार भी किया। रोज डे को देखते हुए जिस लाल गुलाब के दाम सामान्य दिनों में 10 से 15 रुपए प्रति कली रहता है, वह 25 से 30 रुपए तक बिका। फूल विक्रेता ने बताया कि होटल, रेस्त्रां ने भी जमकर गुलाब के फूल खरीदे हैं।