बरेली। ग्राम पंचायतों में आज यानी गणतंत्र दिवस से भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएमएफएस) लागू होने जा रहा है। नमूने के तौर पर सीडीओ आज किसी एक ग्राम पंचायत से इसकी शुरूआत करेंगे। पीएमएफएस सिस्टम लागू होने से ग्राम पंचायतों के प्रधान या सचिव ग्राम निधि समेत किसी भी खाते से केवल डिजिटल लेनदेन ही कर सकेंगे। नकद लेनदेन पूरी तरह प्रतिबंधित हो जाएगा।
बरेली की 1193 ग्राम पंचायतों में पीएमएफएस सिस्टम लागू करने के लिए प्रधान, सचिव और बीडीओ के डिजिटल हस्ताक्षर लिए गए हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या तक 750 से ज्यादा प्रधान और सचिवों के डिजिटल हस्ताक्षर करने का काम पूरा हो चुका है। पूरी तरह यह योजना 31 जनवरी से लांच की जाएगी।
सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि प्रधान अब मनरेगा, ग्राम निधि या अन्य मदों से कराए जाने वाले विकास कार्यों का भुगतान ऑनलाइन ही कर पाएंगे। किसी भी समान खरीद के चेक पिछली तारीखों में काटने का रिवाज भी बंद होगा। इससे पंचायतों में होने वाले भ्रष्टाचार पर काफी हद तक लगाम लगेगी।