एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने चैलेंज इवेल्यूशन का रिजल्ट जारी कर दिया है। 15 फीसदी का चैलेंज सही साबित हुआ है। वे पास हो गए हैं। बाकी के रिजल्ट में कोई फर्क नहीं पड़ा है। चैलेंज इवेल्यूशन से विश्वविद्यालय में करीब 24 लाख रुपये की फीस जमा हुई थी। पास हुए विद्यार्थियों को पांच सौ रुपये की कटौती करके बाकी शुल्क वापस कर दिया जाएगा।
इस बार बीएससी, एमएससी, एलएलबी समेत कई कोर्स में बड़ी संख्या में छात्र फेल हुए थे। बीएससी और एमएससी का रिजल्ट तो 40 फीसदी से भी कम रहा था। विश्वविद्यालय ने इस साल छात्रों को चैलेंज इवेल्यूशन की सुविधा दी। इसके लिए प्रत्येक प्रश्नपत्र के लिए दो हजार रुपये फीस ली गई। 14 प्रतिशत अंक बढ़ने पर पांच सौ रुपये काटकर बाकी फीस वापस करने का प्रावधान था। इसके लिए 1227 ने आवेदन किया था, इनमें 1214 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। कुछ छात्रों के रिजल्ट बाकी हैं। करीब पंद्रह फीसदी छात्र इसमें पास हो गए हैं। इनके 15 से 25 फीसदी अंक बढ़े हैं। विश्वविद्यालय ने वेबसाइट पर रिजल्ट अपलोड कर दिया है। बीएससी में ही पचास से ज्यादा छात्र पास हुए हैं। चैलेंज इवेल्यूशन में पास होने वालों का आंकड़ा भले ही कम हो, लेकिन मूल्यांकन पर बड़ा सवाल जरूर उठने लगा है। परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने बताया कि चैलेंज का रिजल्ट जारी कर दिया है। करीब 15 फीसदी छात्रों का रिजल्ट बदला है। बाकी में कोई फर्क नहीं पड़ा।