बरेली। पीडब्ल्यूडी में एक के बाद एक सड़क घोटाले के जिन्न बाहर आ रहे हैं। बरेली-बीसलपुर रोड के बाद अब 28 करोड़ से मंजूर नवाबगंज-बरखेड़ा ब्लॉक तक करीब 22 रोड का घोटाला सामने आया है। कमीशनबाजी और घटिया रोड का निर्माण होने की वजह से यह रोड बनने से पहले ही धंसने और उधड़ने लगी है। कई जगहों पर तो रोड का पूरा डामर ही गायब हो चुका है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से शासन तक इस रोड घोटाले की शिकायतें की जा चुकी हैं, बावजूद इसके पूरे घोटाले पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। गुपचुप तरीके से रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से के पैचवर्क का काम भी कई जगहों पर किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस रोड का शिलान्यास केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और मेनका गांधी ने किया था।
बरेली के नवाबगंज से बहरजागीर होते हुए पीलीभीत के बरखेड़ाकलां ब्लॉक तक करीब 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्ष 2016-17 में मंजूर हुआ है। दलेलनगर, बहादुर हुकमी, नवदिया होते हुए इस रोड का हॉटमिक्स निर्माण दिसंबर 2018 में पूरा होना है। पीडब्ल्यूडी ने इस रोड का काम इतना घटिया कराया कि यह रोड अभी भले ही पूरी न बन सकी हो, लेकिन घटिया रोड मैटेरियल का इस्तेमाल होने से यह रोड जगह-जगह पर धंस गया है तो कई जगहों पर डामर उधड़ जाने से बजरी बाहर निकल आई है। बहादुर हुकमी की तरफ से रोड बारिश में कई जगहों पर धंस गया है। इसके अलावा बहर जागीर, नवदिया, नकटी, जोहरा जयनगर सहित कई जगहों पर रोड टूट गया है और उस पर खतरनाक गड्ढे हो गए हैं। रोड के बनने से पहले ही उसके टूटने से पीडब्ल्यूडी के अधिकारी इस पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं। कई जगहों पर उधड़ी और टूटी रोड की खामी छिपाने के लिए उस पर पैच वर्क का काम कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस रोड के निर्माण पर सवाल उठाते हुए तमाम शिकायतें भी कीं लेकिन पीडब्ल्यूडी के अफसरों के पास पहुंचने के बाद इन्हें रद्दी की टोकरी में पहुंचा डाल दिया गया।
देहरादून को लखनऊ से कनेक्ट को टू लेन मंजूर हुई थी रोड
देहरादून से लखनऊ को सीधे कनेक्ट करने के लिए ये रोड काफी अहम है। इसे बिलासपुर से बहेड़ी, नवाबगंज, बरखेड़ा, दियूरियाकलां, बिलसंडा पुवायां, मोहम्मदी, जेबीगंज होते हुए एनएच 24 लखनऊ-दिल्ली पर मिलना था। यही वजह थी कि नवाबगंज-बरखेड़ा रोड पहले पीएमजीएसवाई के तहत 3.500 मीटर चौड़ी सिंगल रोड बननी थी। बाद में इस डबल लेन (सात मीटर) करने की मंजूरी मिल गई। इसके बाद इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री सड़क योजना से पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड भवन को बनाने का काम सौंप दिया गया।
इस रोड के संबंध में जानकारी मातहतों से ली जाएगी। अगर रोड के निर्माण में गड़बड़ी हुई है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई होगी। गलत काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
-राकेश राजवंशी, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी