पिछले दिनों आधार का डाटा लीक होने पर उठे बवाल के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोेग (यूजीसी) ने भी मार्कशीट और डिग्री पर आधार नंबर डालने का अपना आदेश वापस ले लिया है। अब विश्वविद्यालय छात्रों की मार्कशीट और डिग्री पर आधार नंबर नहीं डालेंगे। मार्कशीट और डिग्री पर सिर्फ छात्र का फोटो दिया जा सकता है।
दरअसल, यूजीसी ने 2017 में विश्वविद्यालयों को पत्र जारी किया था कि मार्कशीट और डिग्री पर छात्रों के फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जानकारी देने के साथ ही उनका आधार नंबर भी अंकित किया जाए, ताकि फर्जीवाड़ा रोका जा सके। आधार का डाटा लीक होने पर जब देश में बवाल मचा और आधार की सुरक्षा पर सवाल उठे तो यह माना जाने लगा कि इसका दुरुपयोग हो सकता है। नेशनल डिपॉजटरी सिस्टम इस बार से ही शुरू हो रहा है, इससे छात्रों की मार्कशीट और डिग्री का डाटा ऑनलाइन हो जाएगा। अब यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों को पत्र जारी किया है कि सुरक्षा के मद्देनजर छात्रों की मार्कशीट और डिग्री पर उनका आधार नंबर न डालें।
विवि ने इसी साल से शुरू कर दिया था आधार नंबर डालना
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इसी साल से डिग्री और मार्कशीट ऑनलाइन करने के साथ ही उस पर आधार नंबर डालना शुरू कर दिया। करीब पांच लाख मार्कशीट पर छात्रों का आधार नंबर अंकित किया जा चुका है। अब विश्वविद्यालय बाकी मार्कशीट से आधार नंबर हटाने की तैयारी में है।
पिछले दिनों मार्कशीट पर फोटो और आधार नंबर देने की बात कही गई थी। अब यूजीसी ने आदेश जारी किए हैं कि आधार नंबर न डाला जाए। - प्रोफेसर एनएन पांडेय, परीक्षा नियंत्रक