आईएमए सभागार रविवार को डांस की प्रस्तुतियों से सराबोर रहा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों की खूब तालियां बटोरी। गीत-संगीत की धुनों और तालियों के शोर से आईएमए सभागार देर रात तक गूंजता रहा। मौका था आईएमए के वार्षिकोत्सव आईएमए गॉट टैलेंट प्रोग्राम का, जिसमें डॉक्टरों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। एक से बढ़कर एक टैलेंट दिखाकर हर एक का मन मोह लिया।
शुरूआत ‘मेरी मां’ गीत पर डांस परफार्मेंस से हुई। फिर गलती से मिस्टेक, पल्लू लटके, गुलाबो समेत अन्य कई गीतों से सभागार थिरकता रहा। रितिक रवीश की परफार्मेंस पर भी तालियां बजीं। सचिव विमल भारद्वाज ने कहा कि ऐसे टैलेंट शो से बच्चों को अपने टैलेंट को पहचानकर उसे संवारने का मौका मिलता है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रमेंद्र महेश्वरी ने कहा कि साल दर साल होने वाले इस आयोजन से बच्चों को कुछ अलग करने का मौका मिलता है। अपूर्वा और सुजैन ने एंकरिंग की। कार्यक्रम में डॉ. आईएस तोमर, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. बाबूराम, डॉ. रवीश अग्रवाल, डॉ. एमएम अग्रवाल समेत कई डॉक्टर और उनके परिवार के लोग मौजूद रहे।