ससुराल वालों ने बड़े कारोबार और लहसुन-प्याज न खाने की बात कहकर शादी। मगर जब युवती ससुराल पहुंची तो सारी बातें झूठी साबित हुईं और उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर में परवानानगर निवासी इंजीनियर की बेटी दिशा की शादी 14 मई 2017 को आगरा में सदर बाजार के मोहल्ला नामनेर निवासी विशाल उपाध्याय से हुई थी। आरोप है कि शादी के दौरान बताया गया कि ससुराल वालों का दवा का बड़ा कारोबार है। दिशा लहसुन-प्याज नहीं खाती थी तो कहा कि उनके यहां भी कोई नहीं खाता। मगर जब वह ससुराल पहुंची तो पता लगा कि दवा कारोबार तो बुआ का है और पति सिर्फ वहां काम करता है। साथ ही ससुराल में सभी लोग लहसुन-प्याज भी खाते हैं। दहेज के लिए भी उसे ताने मिलने लगे, सारे जेवर रख लिए और घर से निकाल दिया। परामर्श केंद्र में समझौते का भी प्रयास हुआ लेकिन बात नहीं बनी। इस पर पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया तो पति विशाल उपाध्याय, सास नर्मदा उपाध्याय, पति की बुआ शीश मुदगल समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।