बरेली। पीलीभीत बाइपास पर हुए गोलीकांड में कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर पुलिस ने 20 माह बाद एक और एफआईआर दर्ज की है। मामले में 20 नामजद और 150 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। राजस्थान के अजमेर निवासी मार्बल व्यापारी शुभ अजमेरा ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट की शरण ली थी।
गोलीकांड जून 2024 में हुआ था। मार्बल व्यापारी ने सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल कर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। शुभ अजमेरा का आरोप है कि तुलाशेरपुर स्थित शंकर महादेव मकराना मार्बल शोरूम पर 22 जून की सुबह करीब छह बजे कारों और अन्य वाहनों से हमलावर पहुंचे थे। आरोप है राजीव राणा, संजय राणा, गौरी शंकर, राधे राणा, हरिओम, आशीष, राजन, रोहित ठाकुर, अमित ठाकुर, ललित सक्सेना, शिवम माथुर, केपी यादव, समर यादव, सुनील यादव, मुकेश यादव, फुरकान गोरखा, बाबा गैंग, गोला घोसी, अवधेश पटेल और श्याम सिंह सहित 100-150 अज्ञात हमलावरों ने जेसीबी के साथ उसका शोरूम घेर लिया।
हमलावरों ने अवैध असलहों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए पीड़ित को मौके से भागना पड़ा। हमलावरों ने दो जेसीबी के जरिये उसके शोरूम को खंडहर में तब्दील कर दिया। आरोप है हमलावरों ने करीब 1.65 करोड़ रुपये की टाइल्स और मार्बल पत्थर नष्ट कर दिए। शोरूम के गल्ले में रखे दो लाख पांच हजार रुपये भी लूट लिए।
वर्जन
कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में एक मुकदमा पहले से दर्ज है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।- मानुष पारीक, एसपी सिटी