बिल्सी (बदायूं)। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम के तहत सोमवार को नगर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में ‘टेक्नोलॉजी फायदेमंद, पर नुकसानदायक भी, इसकी जानकारी जरूरी’ विषय पर कार्यशाला हुई, जिसमें मुख्य अतिथि एसडीएम लालबहादुर सिंह ने कहा कि आज टेक्नोलॉजी ने हर क्षेत्र को बेहतर बनाने का काम किया है, लेकिन न जानकारी की वजह से कभी-कभी लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ जाता है। इसलिए जानकारी जरूरी है, विशेषकर छात्राएं और महिलाएं इसका ध्यान रखें।
कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कर की। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी ने आज हर क्षेत्र में काफी तेज गति से दस्तक दी है। कोई भी क्षेत्र इससे अछूता नहीं है। उन्होंने इससे होने वाली हानियों के बारे में भी बताया। कॉलेज अध्यक्ष योगेंद्र पाल शर्मा और शिक्षिक रेखा चौहान ने भी छात्राओं को टेक्नोलॉजी के फायदे और नुकसानों से बताते हुए सावधान रहने की सलाह दी। कॉलेज प्रबंधक प्रशांत शर्मा ने आयोजन के लिए अमर उजाला का आभार जताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य सजनी शर्मा सहित स्टाफ मौजूद रहा।