बरेली। शहर में बेहिसाब बढ़े ऑटो ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं। गुरुवार को भी ऐसे ही वाहनों की वजह से चौपुला चौराहे पर जाम के हालात बने। तब इन्हें हटवाने को ट्रैफिक पुलिस नदारद थी। होमगार्डों की इन्होंने सुनी नहीं। सेतु निगम के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्डों ने इन्हें हटवाया।
चौपुला चौराहे से अयूब खां रोड पर बुधवार को ट्रैफिक के एक एसआई की मनमानी की वजह से जाम लगा था। उन्होंने अयूब खां चौराहे से होकर वाहन चौपुला की ओर आने दिए पर यहां दोनों ओर के वाहनों को रोक लिया। जब लोग परेशान होकर हंगामा करने लगते थे तो एकाध बैरियर हटवाकर उन्हें निकलवा दिया जाता था। ‘अमर उजाला’ ने इस अव्यवस्था को प्रकाशित किया तो गुरुवार को जाम नहीं लगा। दोनों दिशा से छोटे वाहन लगातार गुजर रहे थे तो बसों को सीधे अयूब खां चौराहे की ओर जाने पर पाबंदी रही। इस बीच चौपुला पर कई ऑटो ड्राइवरों ने अपने वाहन बंद रास्ते के सामने आड़े तिरछे लगा लिए और सवारियां भरने लगे। ट्रैफिक पुलिस के जवान इस दौरान यहां नहीं थे। वे ओवरब्रिज दिशा में ड्यूटी कर रहे थे। होमगार्डों की वाहन चालकों ने एक न सुनी। बाद में सेतु निगम के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्डों ने उन्हें हटवाया।