बरेली। 22 साल बाद संत मोरारी बापू की रामकथा शनिवार यानि आज कत्था फैक्ट्री में आयोजित होगी। पिछले सात दिनों से चल रही तैयारियों का दौर शनिवार शाम पूरा हो गया। विशाल पंडाल में प्रतिदिन करीब 20 हजार श्रोताओं के मौजूद रहने की संभावना पदाधिकारियों ने जताई है।
आयोजक राम कथा प्रेमयज्ञ समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक शनिवार की दोपहर बारह बजे संत मोरारी बापू बरेली आएंगे और फिर विश्राम स्थल पहुंचेंगे। निशुल्क पंडाल तक श्रद्धालुओं को लाने, ले जाने के लिए चलाई जाने वाली बसें निर्धारित स्थान पर दोपहर दो बजे पहुंच जाएंगी। पंडाल में श्री राम कथा के बाद सभी को प्रसाद का वितरण होगा। प्रसाद बनाने के लिए कोलकाता और वाराणसी से खानसामे बुलाए गए हैं। कोलकाता से आने वाले खानसामे बाहर से आने वाले लोगों के लिए प्रसाद बनाएंगे। वहीं, बनारस के खानसामे पंडाल में मौजूद सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद बनाएंगे। शहर के अलावा बाहर से भी करीब 2 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उनके ठहरने के लिए होटल, धर्मशाला एवं आसपास के स्कूलों में व्यवस्था की गई है। सभी के भोजन की व्यवस्था भी कमेटी संभालेगी।
यूं रहेगा कथा का क्रम
23 मार्च को दोपहर साढ़े तीन बजे कथा शुरू होगी। इसके बाद 24 से 31 मार्च तक सुबह साढ़े नौ बजे से कथा शुरू होगी। 24, 25, 27, 29 मार्च को कथा के बाद शाम छह से आठ बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। गिरधर गोपाल खंडेलवाल ने बताया कि प्रतिदिन निशुल्क बसों का संचालन करगैना, सुभाषनगर, बरेली जंक्शन, सेटेलाइट, सीबीगंज, डेलापीर, सुरेश शर्मा नगर, झूलेलाल द्वार, राजेंद्रनगर से होगा। जो श्रद्धालुओं को कथा स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने का कार्य करेंगी।
टीम ने किया निरीक्षण
जोर-शोर से चल रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को समिति पदाधिकारी कथा स्थल पर पहुंचे। इस दौरान राजकुमार अग्रवाल, जगदीश भाटिया, राम दयाल मोहता, सत्य प्रकाश दमानी, सीता राम मोहता, राजेश खंडेलवाल आदि मौजूद रहे। कथा में सहयोग के लिए गुरुद्वारा सिंह सभा ने गुरुद्वारा परसिर की जमीन लंगर और शौचालय आदि व्यवस्थाओं के लिए मुहैया कराई है।