बदायूं। सीएल पर अनुपस्थिति लगाने से नाराज फार्मेसिस्टों ने सीएमओ कार्यालय पर हंगामा किया। उन्होंने ज्ञापन देते हुए बताया कि फार्मेसिस्ट सीएल लगाकर घर गया था। इस बारे में उसने प्रभारी सीएमएस को अवगत भी करा दिया था, इसके बावजूद उसे अनुपस्थित मान लिया। उनकी शिकायत पर सीएमओ ने उपस्थिति रजिस्टर में संशोधन करा दिया है।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने महिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया था। इस दौरान दो डॉक्टर और तीन कर्मचारियों के साथ एक फार्मेसिस्ट भी नदारद मिला था। इस पर उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर में सभी की अनुपस्थिति लगा दी। इधर, अवकाश से लौटे फार्मेसिस्ट ने इस बारे में अन्य फार्मेसिस्टों को बताया तो उन्हें गलत लगा। सभी फार्मेसिस्ट एकत्र होकर सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी की और ज्ञापन देते हुए कहा कि फार्मेसिस्ट पुष्पेंद्र ने सीएल ली थी। इसके लिए उसने प्रार्थना पत्र भी दिया था। उस प्रार्थना पत्र को उपस्थिति रजिस्टर में नत्थी करा दिया था। इसके अलावा उन्होंने सीएमएस और प्रभारी सीएमएस को बता दिया था। फिर भी रजिस्टर पर अनुपस्थिति लगा दी गई। सीएमओ ने बताया कि उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर चेक करने के दौरान सभी से पूछा था लेकिन उस दौरान किसी ने कुछ नहीं बताया। फिर भी रजिस्टर में संशोधन कर दिया जाएगा। इस आश्वासन पर सभी फार्मेसिस्ट लौट गए।