बरेली। देश के प्रमुख मेडिकल संस्थानों और डेंटल कोर्सेज में एडमिशन के लिए आयोजित नीट (नेशनल एलेजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) का परिणाम बुधवार को जारी हो गया। शहर के युवाआें ने भी इसमें दमखम दिखाया है, लेकिन परिणाम पिछले साल की अपेक्षा कम रहा। इस बार यह परीक्षा कराने की जिम्मेदारी एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) को दी गई थी। इसमें मोहित गंगवार ने 675 अंक हासिल कर ऑल ओवर इंडिया 150 रैंक पाई है। यह रैंक मंडल में सर्वाधिक है।
मूलरूप से पीलीभीत के गांव लालपुर सुंदरपुर निवासी मोहित गंगवार शहर में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। पेशे से किसान रामदास गंगवार के बेटे मोहित ने नीट आश्रम कोचिंग से तैयारी की थी। आईएसई परीक्षा में 97.5 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले छात्र सार्थक गर्ग ने नीट परीक्षा में भी दमखम दिखाया है। उन्होंने 625 अंक और 3275 रैंक हासिल की है। सार्थक के पिता रवि गर्ग की बड़ा बाजार में गिफ्ट शॉप है। वह पेस कोचिंग से तैयारी कर रहे थे। कोचिंग के डॉ. अतुल पटेल ने बताया ऋषभ गंगवार को 616 अंक और 4732 रैंक मिली है। माणिक्य वर्मा को 594 अंकों के साथ 9364 रैंक मिली है। आकांक्षा मौर्य को 574 अंक और 14907 रैंक मिली है। मयंक पाठक को 15312 रैंक के साथ 573 अंक मिले हैं। इसके अलावा यूपी कैटेट प्रवेश परीक्षा में प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल करने वाली इशिका गुप्ता को नीट में आल इंडिया 3344 रैंक हासिल की है। उन्हें 625 नंबर मिले हैं। मिलक निवासी छात्रा इशिका गुप्ता राजेंद्रनगर में मां पारुल गुप्ता के साथ रहकर ओमेगा कोचिंग से पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता कमल गुप्ता शिक्षक हैं। इसी कोचिंग के सौरभ सिंह को 4832 रैंक और 645 अंक मिले हैं। आकांक्षा अग्रवाल की रैंक 5013 है और उन्हें 614 अंक मिले हैं। सृष्टि सिंह ने 608 अंक हासिल करके 6093 रैंक पाई है। तबीना आमिर को 598 अंक मिले हैं और उनकी रैंक 8313 है। शिक्षक मो. कलीमुद्दीन ने इन सभी को बधाई दी है। कोटा में रहकर तैयारी कर रहे ऋषभ गंगवार को 4732 रैंक और 616 अंक मिले हैं। शास्त्रीनगर निवासी ऋषभ के पिता लीलाधर गंगवार स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और मां प्रेमवती गृहणी हैं। इसके अलावा सचिन गंगवार को आल इंडिया 6864 रैंक और 604 अंक मिले हैं। उन्होंने मेडिट कोचिंग से तैयारी की थी। गुरु द्रोणाचार्य कोचिंग से तैयारी कर रहे देवांशु गंगवार को आल इंडिया 7983 रैंक और 599 अंक मिले हैं। अजय अरोरा ने उन्हें बधाई दी है।
क्रैश हुई वेबसाइट, प्रतिभागी हुए परेशान
रिजल्ट आने के करीब घंटे भर बाद ही वेबसाइट क्रैश हो गई। इसके चलते प्रतिभागियों को रिजल्ट देखने के लिए काफी देर तक परेशान होना पड़ा। एक बार वेबसाइट सही भी हुई, लेकिन देर शाम तक परेशान करती रही।
कारचोबी वाले के बेटे का भी चयन, परिवार में पहले से हैं 12 डॉक्टर
हाफिजगंज। नवाबगंज तहसील के गांव हरहरपुर मटकली एक ऐसा गांव है, जहां एक ही परिवार में 12 एमबीबीएस डॉक्टर हैं। अब इस परिवार के साहिल हुसैन का भी एमबीबीएस में चयन हो गया है। साहिल ने ऑल इंडिया में 8816 रैंक हासिल की है। उनके पिता दबीर हुसैन कारचोबी का काम करते हैं। साहिल के चाचा चांदबाबू हैदराबाद में डॉक्टर हैैं, उनकी पत्नी तशमीम भी हैदराबाद में डॉक्टर हैं। इसके अलावा चाचा आशिक हुसैन, साजिद हुसैन, भाई शाने अली, हारून, इमरान, रिजवान, शहादाब, बहन सोनी, फरीन, नाजरीन भी एमबीबीएस डॉक्टर हैं। साहिल के दादा जाहिर अहमद समाजसेवी हैं। साहिल के नीट में चयन पर ग्राम प्रधान सलीम अंसारी समेत गांव के तमाम लोगों ने फूलमाला पहनाकर उसका स्वागत किया।