बरेली में 19 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने निवेश में मुनाफे का झांसा देकर बीमा कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारी को जाल में फंसा लिया, फिर उनसे रकम ट्रांसफर करा ली।
बरेली में साइबर ठगों ने इज्जतनगर थाना क्षेत्र निवासी बीमा कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारी को आईपीओ में निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने का झांसा देकर 19 लाख रुपये ठग लिए। मामले की रिपोर्ट साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
महानगर निवासी शरद सक्सेना ने साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि 15 अप्रैल को उनके व्हाट्सएप पर एक मेसेज आया था। इसमें आईपीओ में रुपये निवेश करने पर मोटा मुनाफा होने की बात लिखी थी। मैसेज में खाता नंबर देकर रुपये निवेश करने के लिए कहा गया था। शरद लुभावनी बातों से झांसे में आ गए।
उन्होंने दिए गए खाता नंबर पर 19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद साइबर ठगों ने आईपीओ में और अधिक निवेश करने का लालच दिया। जब शरद ने और निवेश करने से मना कर दिया तो दूसरी ओर से शेयर इंडिया ट्रेडिंग नाम से दी गई एप फ्रीज कर दी। तब शरद को ठगी का अहसास हुआ। इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि पुलिस साइबर ठगों की तलाश कर रही है।