बरेली। रोडवेज के संविदा चालक और परिचालकों का पांच-पांच लाख रुपये का ग्रुप टर्म बीमा कराया जाएगा। बीमा पॉलिसी के प्रीमियम का भुगतान चालक-परिचालकों के वेतन से होगा। वित्त नियंत्रक अजय जौहरी ने 22 दिसंबर तक बीमा पॉलिसी की औपचारिकताएं पूरी कर सभी चालक-परिचालकों का ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
संविदा चालक-परिचालकों के ग्रुप टर्म बीमा की मांग काफी समय से की जा रही थी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद और प्रबंधन के बीच छह अगस्त को इस संबंध में बैठक के बाद सहमति बनी थी। दिसंबर माह में उनके वेतन से बीमा पॉलिसी के लिए 1168 रुपये की कटौती की जाएगी।
बरेली परिक्षेत्र के बरेली, पीलीभीत, रुहेलखंड और बदायूं डिपो में चालक और परिचालकों की संख्या 2128 है। इनमें नियमित परिचालक 95 और संविदा के 1025 हैं। नियमित चालकों की संख्या 151 और संविदा चालकों की संख्या 857 है। इस तरह बरेली परिक्षेत्र में 1882 संविदा चालक और परिचालकों को बीमा का लाभ मिलेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि 22 दिसंबर तक सभी चालक-परिचालकों का बीमा करा दिया जाएगा। संवाद