बरेली। शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति को लेकर सोमवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोर ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे जलापूर्ति की मांग की है। उन्होंने बताया कि शहर में महज 2 घंटे ही पानी की सप्लाई दी जा रही है। कई सारे पंपिंग सेट खराब पड़े हैं और पानी की टंकियों की सफाई भी लंबे समय से नहीं की गई है। जिससे घरों में दूषित पेजयल पहुंच रहा है। कहा कि पिछले वर्षों में समय से पानी की टंकियों की सफाई होती थी और पानी भी सुचारू तरीके से मिलता था लेकिन अब नगर निगम में कोई कार्य नहीं हो रहा है। जिससे दूषित पेयजल पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होेंने समस्या के जल्द निस्तारण की मांग नगर आयुक्त से की है।
नगर निगम में चल रही नूरा कुश्ती, शहर बेहाल
बरेली। समाज सेवा मंच ने सोमवार को अपर आयुक्त अरुण कुमार को ज्ञापन देकर नगर निगम को बदहाल होने से बचाने की मांग की है। अध्यक्ष नदीम शम्सी ने बताया कि नगर निगम में इन दिनों नगर निगम में अधिकारी शहर को स्मार्ट बनाए जाने के बजाय नूराकुश्ती कर रहे हैं। जिसके चलते शहर में विकास के कार्य और शुद्ध पेयजल समेत साफ सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने बाकरगंज में फेंके जा रहे कूड़े के समस्या के निस्तारण की मांग की है। इस दौरान राजेश रस्तोगी, राजपाल, नावेद, शोहराब, महेश पंडित आदि मौजूद रहे।