वोट देने से पहले कर लें सात बार बनाम एक बार की तुलना
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन तिलियापुर में आयोजित चुनावी सभा में कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने सात बार बनाम एक बार का नारा दिया। उन्होंने कहा कि जनता वोट देने से पहले सात बार के सांसद के कामों की एक बार के सांसद के कामों से तुलना कर ले और फिर फैसला करे। इस जनसभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को भी आना था, लेकिन वह नहीं पहुंचे।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण सिंह ने कहा कि मौजूदा सांसद के कार्यकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ, सारे वादे हवाई साबित हुए। जनता उनके सारे वादों को देख और समझ चुकी है और दोबारा झांसे में आने वाली नहीं है। भाजपा सांसद ने स्मार्ट सिटी का भी वादा किया था मगर इसके नाम पर भी जनता के साथ धोखा किया। पांच साल जनता को गुमराह करते रहे। ऐरन ने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि उनके तमाम कामों का उद्घाटन कर भाजपा सांसद ने खुद को विकास पुरुष करार दे दिया। गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उसे भी भाजपा का हिस्सा बताया।
पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि बरेली की जनता को विकास से दूर रखा गया। राज्य सरकार ने गड्ढा मुक्त सड़कों का वादा किया था, मगर बरेली की जनता आज भी त्रस्त है। गड्ढा मुक्त सड़कों की जगह गरीबों की दुकानें ढहाकर उन्हें रोजगार से वंचित कर दिया गया। केंद्र में कांग्रेस सरकार आने पर गरीबों को रोजगार दिया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय शुक्ला, महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम मियां, केके दीक्षित, अनुज गंगवार, कमलेश ठाकुर, जियाउर्रहमान, दीपक वाल्मीकि, अनुज गंगवार, रामांद कोली, मुनाजिर अली सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले प्रवीण सिंह ऐरन, सुुप्रिया ऐरन, पल्लवी ऐरन, सोनम ऐरन सहित तमाम कार्यकर्ता कर्मचारी नगर, सैदपुर हॉकिंस, आनंद विहार, बांके की छावनी, अशरफ खां छावनी, शास्त्री नगर सहित कई इलाकों में जनसंपर्क किया।