छू लेंगे आसमां, उड़ने का मौका तो दो...
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। कोमल है कमजोर नहीं तू, शक्ति का नाम ही नारी है। बेटियां आज कमजोर नहीं, हर कठिनाई पार करके कामयाबी की बुलंदी छू रही हैं। स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाली बेटियों में भी कुछ यही हौसला बुलंद हो रहा है। ‘अमर उजाला’ के अपराजिता अभियान के तहत सुभाषनगर स्थित आर्य पुत्री इंटर कॉलेज में शनिवार को नारी सशक्तीकरण पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में बेटियों ने पोस्टर बनाकर कुछ यही संदेश दिया। पोस्टर के माध्यम से उन्होंने बता दिया कि उनको खुले आसमां में उड़ने का मौका मिले तो वह हर बाधा पार करके कामयाबी की बुलंदी छू सकती हैं। उनके पैरों में बेड़ियां मत डालो, उनको बस उड़ने दो।
पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा नौ से लेकर कक्षा बारह तक की छात्राओं ने हिस्सा लिया। पहला स्थान पाने वाली सिंपल शर्मा ने पोस्टर से संदेश दिया कि बेटियां दुनिया मुट्ठी करने का माद्दा रखती हैं। भारत हो या कोई अन्य देश, विश्व पटल पर बेटियां आगे बढ़ रही हैं। द्वितीय स्थान पाने वाली चांदनी ने अपने पोस्टर से संदेश दिया कि गर्भ में ही बेटियाें को कत्ल न करें। उनको दुनिया में आने दें, वही आपका नाम रोशन करेंगी। प्रतियोगिता में तृतीय रहीं प्रीति पाल ने अपने पोस्टर से संदेश दिया कि बेटियों की पैरों में रूढ़िवादी परंपराओं की बेड़ियां मत डालो। घरों की दहलीज से निकलकर आज बेटियां दुनिया का हर काम कर रही हैं। सांत्वना पुरस्कार पाने वाली आकांक्षा और पूजा पाल ने संदेश दिया नारी देवी है तो वक्त पड़ने पर दुर्गा का रूप भी ले सकती है। महिलाओं को कमजोर न आंके। प्रधानाचार्य मिथलेश भदौरिया ने विजेता छात्राओं को अमर उजाला की तरफ से सर्टिफिकेट प्रदान किए। प्रतियोगिता के आयोजन में रतन लक्ष्मी, नीलम सक्सेना, दीप्ति का विशेष सहयोग रहा।
प्रथम : सिंपल शर्मा, कक्षा नौ
द्वितीय : चांदनी, कक्षा ग्यारह
तृतीय : प्रीति पाल, कक्षा दस
सांत्वना : आकांक्षा और पूजा पाल