बरेली। रामपुर बाग की एक महिला डॉक्टर पर आईवीएफ तकनीक से गर्भाधान कराने का झांसा देकर करीब तीन लाख से अधिक रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर सीएमओ ने जांच का आदेश दिया है।
दुर्गानगर निवासी प्रगति का आरोप है कि पिछले साल 18 दिसबंर को उसने डॉक्टर को दिखाया था। आरोप है कि डॉक्टर ने करीब तीन लाख खर्च कर करीब डेढ़ माह तक दवा के सेवन से गर्भ ठहरने का वादा किया था जिसके बाद उन्होंने 2,65,000 रुपये जमा कर दिए, दवा आदि पर भी 80,000 रुपये का खर्च हुआ। 15 मार्च 2019 को डॉक्टर ने उसे गर्भवती बताया लेकिन 16 मार्च को ही उन्होंने केस खराब होने की बात कही। 18 मार्च को उन्होंने दूसरे डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि उन्हें गर्भ ठहरा ही नहीं था। प्रगति ने सीएमओ से रकम वापस कराने और डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया कि मामले की जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट पर आगे कार्रवाई होगी।