बरेली। रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने शनिवार को अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन रोककर पटरियां और स्लीपर बदलने का काम किया गया। जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर 11.30 बजे गरीब नवाज एक्सप्रेस गुजारकर ब्लॉक शुरू हुआ। जंक्शन से 12.10 बजे चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस तीन बजे लखनऊ की ओर रवाना हुई। हालांकि ट्रेन के लेट होने पर नाराज यात्री स्टेशन मास्टर के कक्ष में घुस गए, जिसके बाद तुरंत ही ट्रेन चला दी गई।
रेलवे ने सुबह 11.50 से शाम छह बजे तक दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रोककर काम शुरू किया। अप लाइन पर आलमनगर से मुरादाबाद और डाउन लाइन पर मुरादाबाद से रोजा तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। जंक्शन पर 11.30 बजे अजमेर से किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस गुजारने के बाद ब्लॉक शुरू हुआ। जंक्शन से त्रिवेणी एक्सप्रेस को तीन घंटे देरी से रवाना किया गया, जबकि ट्रेन का निर्धारित समय 12.10 बजे है। हालांकि रेलवे ने पहले ही 2.30 बजे त्रिवेणी को चलाए जाने की घोषणा कर दी थी, जिसके चलते दो बजते ही प्लेटफार्म पर यात्री पहुंचने लगे थे, लेकिन त्रिवेणी को और लेट होते देख उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ हंगामा करते हुए स्टेशन मास्टर के कक्ष में घुस गई। वहां यात्रियों की काफी गहमागहमी भी हुई, जिसके बाद करीब तीन बजे त्रिवेणी को सिग्नल देकर लखनऊ रवाना कर दिया गया। इसके अलावा डाउन लाइन पर अमरनाथ एक्सप्रेस साढ़े छह, सियालदह 5.30, गुवाहाटी और राज्यरानी एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे देरी से जंक्शन पहुंची।
अप लाइन पर ब्लॉक, फिर भी ट्रेनें ज्यादा लेट नहीं
इंजीनियरिंग अनुभाग ने आलमनगर से मुरादाबाद तक सुबह 8.30 बजे से ट्रेनों का संचालन रोका, इसके बाद ट्रेनें ज्यादा लेट नहीं हुईं। अप लाइन पर दिल्ली जाने वाली गुवाहाटी 45 मिनट, सियालदह एक्सप्रेस डेढ़ और जनसाधारण एक्सप्रेस तीन घंटे देरी से पहुंची। दरअसल, शनिवार को रेलवे ने हर सेक्शन में अलग-अलग समय पर ट्रेनें रोककर काम किया, जिससे अप लाइन पर ट्रेनों के संचालन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। हालांकि जयनगर से अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस दस घंटे देरी से जंक्शन पहुंची, लेकिन ऐन मौके पर रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद से ट्रेन को वाया चंदौसी होते हुए चलाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद इंजन की दिशा बदलकर ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब एक घंटे जंक्शन पर खड़ी रही।