नोट : मंडल की खबर ----
गन्ना दलालों पर शिकंजा, आठ पर एफआईआर
- 8.35 लाख कीमत का 2656.45 क्विंटल गन्ना जब्त
- गन्ना खत्म होने के बाद 1.96 लाख किसानों के सट्टे बंद
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। शासन के निर्देश पर सरकारी गन्ना खरीद में दलाली करने वाले मंडल के आठ दलालों पर गन्ना विभाग ने एफआईआर दर्ज करा दी है। इनसे 8.35 लाख रुपये कीमत का गन्ना भी जब्त करके सीज कर दिया गया है। री-सर्वे में गन्ना खत्म होने वाले मंडल के 1.96 लाख से ज्यादा किसानों के सट्टे भी बंद कर दिए गए हैं। चीनी मिलों के अलावा क्रय केंद्रों पर भी दलाल और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
उप गन्ना आयुक्त बरेली मंडल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि बरेली में दो, शाहजहांपुर में चार और पीलीभीत में दो गन्ना दलालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब तक 17 बिचौलियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। दलालों से 2656.45 क्विंटल गन्ना बरामद कर सीज कर दिया गया है, इसकी कीमत आठ लाख 34 हजार 587 रुपये है। बरेली के अलीगंज थाने में चार और मीरगंज थाने में एक दलाल पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। पीलीभीत के सुनगढ़ी थाने में रवींद्र सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। उप गन्ना आयुक्त ने एफआईआर के बाद पुलिस प्रशासन को दलालों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए पत्र भी लिखा है, ताकि क्रय केंद्रों पर किसी तरह के माफिया सक्रिय न होने पाएं।