रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने पीएचडी की रिक्त सीटों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थी 14 जून से 10 जुलाई तक विवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पीएचडी में प्रवेश के लिए एंट्रेंस कराया जाएगा और मेरिट के आधार पर कोर्स वर्क के लिए चयनित किया जाएगा। एंट्रेंस जुलाई में कराने की तैयारी है। पीएचडी अध्यादेश के अनुसार नेट और जीआरएफ वालों को सीधे पीएचडी में दाखिला दिया जाएगा।
मौजूदा वक्त में करीब 1200 रिक्त सीटें हैं, हालांकि गाइड की संख्या बढ़ने से इनमें और इजाफा होगा। करीब पंद्रह सौ सीटें होने की उम्मीद है। आवेदन फार्म की फीस एससी और एसटी के लिए छह सौ और ओबीसी व जनरल के लिए बारह सौ रुपये निर्धारित है। सबसे ज्यादा सीटें एजूकेशन, संस्कृत, भूगोल जैसे विषयों में खाली हैं। सबसे कम सीटें साइंस में हैं। कुछ शिक्षक इस बार सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उनकी जगह नए गाइड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए विवि गाइड की सूची रिवाइज कर रहा है। गाइड की संख्या अभी करीब सवा तीन सौ है, जो बढ़कर साढ़े तीन सौ या इससे अधिक हो सकती है। कुलसचिव साहब लाल मौर्या ने बताया कि रिक्त सीटों पर आवेदन चौदह जून से शुरू कर दिए जाएंगे। एंट्रेंस जुलाई में संभव है।