नवाबगंज। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को बांटने के लिए ले कार से ले जाई जा रही 18 पेटी देसी शराब समेत पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि चालक मौका पाकर भाग गया। पुलिस ने कार और शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में पुलिस ने सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार, शराब दुकान के सेल्समैन विपिन कुमार, सर्वेश समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे में बाईपास मार्ग पर स्थित देसी शराब की दुकान से एक कार में अवैध तरीके से शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार समेत दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि चालक भाग गया। तलाशी में कार से देसी शराब की 18 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस कार समेत दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई।
सूचना पर रिटर्निंग ऑफिसर राजीव शुक्ला ने थाने पहुंचकर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। नवाबगंज इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि 18 पेटी देसी शराब समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस ने सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार, शराब भट्ठी के सेल्समैन विपिन कुमार, सर्वेश समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।