बरेली। केंद्र सरकार की ओर से 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने की घोषणा से जिले के 1.76 लाख बुजुर्ग आयुष्मान होंगे। इसकी कवायद शुरू हो चुकी है। अब तक कई लोगों ने कार्ड बनवा लिए हैं। वहीं, कुछ मरीजों ने इलाज भी कराया है।
बीते दिनों 70 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों को जोड़ने की घोषणा हुई थी। दीपावली के मौके पर कार्ड बनने लगे। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक संबंधित आयुवर्ग के कार्ड सरकारी अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र में निशुल्क बनाए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 70 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों की तादाद 1.76 लाख है। नियमानुसार इनके कार्ड बनाए जाएंगे। हालांकि, इसमें कई बुजुर्ग ऐसे भी शामिल होंगे, जिनके कार्ड पूर्व में बन चुके होंगे। इसका सत्यापन कार्ड बनाने के दौरान होगा।
घर बैठे भी बना सकते हैं आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान योजना के जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा के मुताबिक 70 से अधिक आयु के बुजुर्ग घर पर ऑनलाइन आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। पात्र लाभार्थी को beneficiary.nha.gov.in वेबसाइट पर जाना होगा। 70 प्लस बेनीफिशियरी का विकल्प क्लिक करें। आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करने पर ओटीपी सत्यापित करना होगा। क्रमवार जानकारियां दर्ज कर सबमिट करने पर आयुष्मान कार्ड बनेगा। स्वास्थ्य संबंधी किसी अन्य सरकारी योजना के पूर्व में लाभार्थी रहे हैं तो वह विकल्प समाप्त हो जाएगा। कार्ड जनसेवा केंद्र पर भी बनाए जा सकते हैं। अमर उजाला ब्यूरो