बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज का काम पूरा न होने से लंबे समय से जान हथेली पर लेकर रेलवे क्रासिंग पार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे अगले माह एक तरफ के अंडरपास की सड़क पर आवागमन शुरू करा देगा। इन दिनों सीसी रोड बनाने का काम तेजी से कराया जा रहा है। करीब 80 फीसदी काम पूरा भी हो चुका है।
सेतु निगम इस ओवरब्रिज का काम पूरा कर चुका है लेकिन क्रासिंग पर रेलवे अपने हिस्से के ब्रिज का काम नहीं शुरू करा रहा है। ऐसे में लोगों को नैनीताल रोड से आईवीआरआई की तरफ आने-जाने में काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। रेलवे को यहां अंडरपास का काम भी शुरू कराना है। करीब छह माह पहले यहां दो अंडरपास के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन बीच में कई माह काम ठप पड़ा रहा। ऐसे में लोगों को जान हथेली पर रखकर रेल लाइन को लांघ कर निकलना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग और बच्चों को झेलनी पड़ रही है। रेलवे अस्पताल की तरफ अंडरपास से आवागमन शुरू करने के लिए सीसी रोड बनाने का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को भी नैनीताल रोड की तरफ अंडरपास के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदने का काम हुआ। रेलवे ने मजदूरों की संख्या में भी इजाफा कर दिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अंडरपास के लिए करीब 100 मीटर सड़क बनेगी। बीस फीसदी काम बाकी है। दूसरे तरफ भी अंडरपास का काम शुरू कराने की तैयारी चल रही है। उनका कहना है कि कोशिश है, अगले माह तक रेलवे अस्पताल की तरफ अंडरपास की सड़क बनने के साथ उसे ट्रैफिक के लिए खुल जाए।