बरेली। पृथ्वी दिवस के अवसर पर सोमवार को महिला जागृति मंच ने शहर में करीब 15 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया। मंच की अध्यक्ष मनु नीरज ने पटेल विहार पर आयोजित पौध वितरण कार्यक्रम में कहा कि पुराने पेड़ों को काटकर खत्म किया जा रहा है, लेकिन उनके स्थान पर नए पौधे नहीं रोपे जा रहे, जिससे आगामी वर्षों में प्राकृतिक असंतुलन होने से पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित होगा, जो जीव-जंतुओं समेत मानव जीवन के लिए बेहद खतरा बन जाएगा। कहा, प्रत्येक वर्ष पौधरोपण के लिए सरकार काफी बजट खर्च करती है, लेकिन पौधरोपण कागजों तक ही सीमित रहता है। कहा, अगर अभी नहीं चेते तो आगामी समय में ऑक्सीजन सिलिंडर से जीवन बचाने के लिए जद्दोजहद करनी होगी। इस दौरान गीता शर्मा, प्रीति भारद्वाज ने भी पौधे वितरण कर लोगों को पौधरोपण कर उसे सहेजने का संकल्प दिलाया।
नुक्कड़ नाटक से पृथ्वी बचाने का दिया संदेश
बरेली। ऑल इंडिया कल्चरल एसोसिएशन की ओर से सोमवार को पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में हरुनगला स्थित द इंग्लिश स्कूल के पास नुक्कड़ नाटक हुआ। नाटक के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण से पृथ्वी बचाने का संदेश दिया गया। ‘पर्यावरण करे पुकार’ थीम पर आधारित नाटक में चिपको आंदोलन से लेकर पर्यावरण दोहन, पेड़ों का कटान, नदियों की दुर्दशा आदि का मंचन हुआ। इस दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी जेसी पालीवाल, रविंद्र मिश्रा, शालिनी, शानू, सुनील चमन आदि मौजूद रहे।