बरेली। आसपास के कस्बों और गांवों से सब्जी और फल लेकर मंडी आने वाले किसान व आढ़ती पूरी ट्रैफिक व्यवस्था में अड़चन पैदा करते हैं। मंडी में घुसने की जल्दी के चलते रास्ता घंटों जाम रहता है। साथ ही सड़क किनारे लगने वाले फड़ और ठेले भी व्यवस्था खराब करते हैं। इसके चलते रोजमर्रा के कामकाज और आसपास क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी परेशानियां खड़ी हो जाती है। मौके पर होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है। लचर ट्रैफिक व्यवस्था के चलते सड़क हादसे भी होते रहते हैं।
डेलापीर मंडी में रोज सुबह शाम को सब्जी और फलों के व्यापारी, किसान और आढ़ती आना शुरू हो जाते हैं। इसके चलते स्टेडियम रोड, डेलापीर चौराहा, पीलीभीत बाईपास समेत आसपास के रास्तों की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है। यहां आढ़ती उल्टी-सीधी गाड़ियां चलाकर व्यवस्था भी खराब करते हैं। एयरफोर्स, महानगर, इज्जतनगर और आसपास के इलाकों से शहर में आने-जाने वाले लोगों को भी ट्रैफिक से जूझना पड़ता है। डेलापीर चौराहे पर और मंडी के सामने सुबह शाम घंटों जाम लगा रहा है। बड़े वाहन ही नहीं बल्कि दो पहिया वाहन भी यहां से नहीं निकल पाते। मंडी में घुसने की जल्दी के चलते ट्रक और छोटी गाड़ियों वाले उल्टी सीधी गाड़ी मंडी के गेट पर लगा देते हैं। रास्ता ब्लॉक हो जाता है। इसके साथ ही वहां चौराहे से लेकर मंडी समिति के कार्यालय तक सड़क के दोनों तरफ लगने वाले फड़ और ठेलों के कारण करीब 45 फिट चौड़ा यह रोड भी संकरा हो जाता है। वहीं शाम के वक्त गाड़ियों की चेकिंग के दौरान जाम जैसे हालात बन जाते हैं।
मारपीट पर ही हस्तक्षेप करती है पुलिस
चौराहे से लेकर मंडी समिति के कार्यालय तक ट्रैफिक पुलिस व थाना पुलिस से लेकर यूपी 100 तक तैनात रहती है। वह मूकदर्शक बनकर एक किनारे खड़े रहते हैं। कभी ड्राइवरों में गालीगलौज के बाद मारपीट की नौबत आ जाए तभी ने हस्तक्षेप करते हैं। चौराहे पर पान की दुकान लगाने वाले छोटू ने बताया कि सुबह-शाम मंडी में आने वाले आढ़ती जाम का कारण बनते हैं। सुबह के वक्त तो बाइक भी नहीं निकल पाती। आगे पैट्रोल पंप के सामने चाय की दुकान लगाने वाले रवि ने बताया कि आढ़तियों के अलावा सड़क किनारे फड़ और ठेले वाले भी व्यवस्था खराब करते हैं। मंडी के सामने पकौड़ी की दुकान लगाने वाले आमिर ने बताया कि आढ़ती मंडी में घुसने की जल्दी करते हैं। उल्टी सीधी गाड़ियां लगाकर सड़क ब्लॉक कर देते हैं और व्यवस्था खराब करते हैं।