बरेली। अभी जम्मू-वाराणसी स्पेशल ट्रेन के पैंट्रीकार पर अवैध कब्जे की जांच भी शुरू नहीं हुई थी कि अवैध वेंडर एक घंटे में दो ट्रेनें रोककर उतर गए। मंडल के सभी स्टेशनों पर अवैध वेंडरों का बोलबाला है। जंक्शन पर पैंट्रीकार पर कार्रवाई और रामपुर जंक्शन पर चेकिंग की सूचना अवैध वेंडरों को समय से पहले मिल गई जिससे कोई भी पकड़ में नहीं आया।
ट्रेेनों में अवैध वेंडरों पर अंकुश लगाने की कोशिशें बेकार साबित हुई हैं। 25 मार्च को अवैध वेंडर कटरा-वाराणसी स्पेशल ट्र्रेन के पैंट्रीकार में बफर से घुस गए, जबकि बाहर से सील लगी थी। ट्रेन कटरा से बरेली 830 किमी का सफर करके आ गई, लेकिन किसी अधिकारी को मालूम तक नहीं चला। जंक्शन पर सीआईटी एके चौबे को सूचना मिली तो इससे पहले अवैध वेंडरों को भी भनक लग गई। सीबीगंज स्टेशन पर वह चेन पुलिंग कर उतर गए। जंक्शन पर केवल सामान मिला। इसकी रिपोर्ट चौबे ने मंडलीय अधिकारियों को भेज दी। अभी जांच भी शुरू नहीं हुई थी कि वेंडरों ने बृहस्पतिवार को धनेटा-नगरिया सादात स्टेशन के बीच दिल्ली जाती स्पेशल ट्रेन और अवध असम गुवाहाटी एक्सप्रेस की चेन पुलिंग की और गांव की ओर भाग गए। लगातार तीन घटनाओं से मुरादाबाद रेल मंडल में हड़कंप है। मामले की जांच के लिए कहा है, जबकि स्पेशल पैंट्रीकार पर कब्जे की जांच शुरू नहीं हुई है। ऐसे में अधिकारियों से कुछ कहते भी नहीं बन रहा है। आखिर जंक्शन और रामपुर स्टेशन पर चेकिंग सूचनाएं कैसे अवैध वेंडरों तक पहुंच गई। यह जांच का विषय है।