बरेली। चौपुला फ्लाईओवर के ठप पड़े काम को जल्द शुरू कराने के लिए सेतु निगम के अधिकारी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बजाय किराए पर मशीनें मंगवा रहे हैं। बताते हैं कि ये मशीनें कोलकाता के पास से मंगवाई जा रही हैं, इसलिए इनके आने में दो से दिन लगेंगे। हालांकि इस पुल को बनाने के लिए एनओसी मिलने की प्रक्रिया भी लंबित है। उधर, चौपुला के पास फुटपाथ खुदा होने से स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
करीब 60 करोड़ की लागत से बन रहे इस फ्लाईओवर का काम सेतु निगम के अधिकारियों ने जल्दबाजी में कराया था। इस काम को शुरू कराने के लिए न तो वन विभाग से एनओसी ली गई और न ही यहां मशीनें ही उपलब्ध कराई गईं। ऐसे में यह काम एक दिन भी नहीं चला। सेतु निगम के अधिकारियों ने फुटपाथ की खुदाई शुरू ही की थी कि फॉरेस्ट वालों ने काम रुकवा दिया। इस पुल का काम जल्द शुरू हो सके इसके लिए सेतु निगम के अधिकारी मशीनों का टेंडर कराने के बजाय उन्हें किराया पर लेकर आ रहे हैं। दो से तीन दिन में पाइलिंग सहित दूसरी मशीनें कोलकाता से यहां पहुंच जाएंगी। फिलहाल चौपुला फ्लाईओवर का काम करीब हफ्तेभर से ठप है। पिछले हफ्ते सेतु निगम की टीम ने यहां सर्विस लेन बनाने के लिए खुदाई की थी, जिसके बाद से स्थानीय दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
चौपुला चौराहे पर काम शुरू करने के लिए मशीनों को किराए पर मंगवाया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि सर्विस लेन का काम शुरू कराने के लिए फॉरेस्ट से एनओसी भी जल्द मिल जाए। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। - देवेंद्र सिंह, सीपीएम, सेतु निगम