बरेली। राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) प्रबंधन को यही नहीं पता है कि विभाग में कितने कर्मचारी कार्यरत हैं। साथ ही कौन कर्मचारी तैनात है और कितने पद खाली हैं, इसका रिकॉर्ड भी मुख्यालय पर उपलब्ध नहीं है। जन सूचना अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में विभाग ने हास्यास्पद जवाब दिया है।
बिहारीपुर, सिविल लाइंस निवासी आशुतोष शर्मा ने पिछले माह एसएफसी प्रबंध निदेशक कार्यालय से चार बिंदुओं पर आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। विभागीय जन सूचना अधिकारी फ्रेड्रिक क्रूज ने बिंदुवार जवाब दिए हैं। इसमें कहा गया है कि विभाग में कार्यरत कर्मचारी, पदनाम और तैनाती अवधि आदि की सूचना नहीं दी जा सकती है, क्योंकि विभाग में ऐसी जानकारी का संकलन नहीं है। ब्लॉक गोदामों पर तैनात कर्मचारियों और पदनाम रिकॉर्ड देना भी संभव नहीं होगा। इसी तरह बीस साल से एक पटल और स्थान पर जमे कर्मचारी और उनकी तैनाती अवधि भी मुख्यालय पर उपलब्ध नहीं है। जन सूचना अधिकारी ने पत्र में कहा है कि जो रिकॉर्ड है, उसकी जानकारी देना ही संभव है। अन्य सूचनाएं संकलित करने में समय लगेगा।