बरेली। हवाई अड्डे की जमीन के अधिग्रहण के लिए बकाया करीब 2.20 करोड़ के मुआवजे की रकम को भी मंजूरी मिल गई है। शासन की तरफ से इसकी सूचना नागरिक उड्डयन के निदेशक को भी भेज दी गई है। इसके अलावा सिविल इंक्लेव के दूसरे जरूरी कामों को भी पूरा कराने का प्रयास जोरशोर से चल रहा है। प्रशासन पहले ही मार्च में उड़ान सेवा शुरू कराने का लक्ष्य तय कर चुका है।
सिविल इंक्लेव के लिए पीलीभीत रोड पर करीब 44 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया था, इसमें 2.20 करोड़ मुआवजा का भुगतान अब तक नहीं हो सका था। चूंकि हवाई अड्डे के लंबित कामों को तेजी से पूरा कराने का प्रयास चल रहा है। ऐसे में काफी समय से लटके मुआवजे के मामले का भी शासन ने निस्तारण कर दिया है। अनु सचिव डॉ. सत्य प्रकाश तिवारी ने इसके भुगतान के लिए वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा शासन सिविल इंक्लेव में पानी, बिजली और दूरसंचार सेवा के लिए भी 2.30 करोड़ रुपये के भुगतान को मंजूरी दे चुका है। ऐसे में हवाई अड्डे में शासन की तरफ से कराए जाने वाले कामों को जल्द शुरू कराने की तैयारी चल रही है।