बरेली। खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने छापामार अभियान जारी रखते हुए पीने के पैक्ड पानी, लस्सी, दूध आदि के नमूने भरे। मीरगंज स्थित एक प्लांट में बिना लाइसेंस के पीने के पानी की पाउच में पैकिंग होती मिली। टीम ने प्लांट सीज कर पैक्ड पानी के पाउच जब्त कर लिए।
शनिवार दोपहर एफएसडीए टीम ने परसाखेड़ा, मीरगंज, फरीदपुर में पैक्ड पानी के नमूने लिए। मीरगंज में बिना लाइसेंस के चल प्लांट को सीज कर दिया। यहां 250 एमएल पाउच में पानी को भरा जा रहा था।
करगैना, फतेहगंज (पश्चिमी), ग्रीन पार्क में दूध के तीन नमूने भरे गए। भमोरा, सीबीगंज में लस्सी और कुल्फी तो देवचरा में सिटी फ्रूट वाइप्स मैंगो ड्रिंक, मीरगंज में ही दही और पानी के नमूने भरे गए। जिला अभिहित अधिकारी डीआर मिश्रा ने विभिन्न स्थानों पर दो टीमों को खाद्य पदार्थों के सैंपल भरने के लिए भेजा था। संग्रहित नमूने लैब में जांच के लिए जाएंगे। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई होगी।