बरेली। सिटी रेलवे स्टेशन से चौपुला चौराहे की ओर आने वाले रास्ते पर दिन में कई बार जाम के हालात बने। पूर्व सीएम अखिलेश यादव की रैली की वजह से वाहनों की भीड़ बढ़ने को इसकी वजह माना जा रहा था। चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस का स्टाफ तो वाहनों को निकलवा रहा था पर ड्यूटी पर लगाए गए सिविल पुलिस के दरोगा छांव में बैठे थे।
गुरुवार को इस्लामियां इंटर कॉलेज मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की रैली थी। इस लिहाज से सुबह से ही शहर में आने वाले वाहनों की अच्छी संख्या रही। दोपहर बाद तक किला ओवरब्रिज से उतरकर और रामपुर रोड से आने वाले वाहनों की वजह से चौपुला तक जाम के हालात रहे। यहां से ट्रैफिक पुलिस ने बड़े वाहनों को चौकी चौराहे की ओर निकलवा दिया जबकि छोटे चार पहिया वाहन अयूब खां चौराहे की ओर से भी निकाले गए। रैली के बाद इस दिशा से जाने वाले वाहनों ने जाम लगाया। पूर्व सीएम के कार्यक्रम की वजह से सिविल पुलिस की ड्यूटी भी चौपुला चौराहे पर लगाई गई थी। दरोगा और सिपाही वाहन निकलवाने की बजाय पेड़ की छांव में बैठे आराम फरमाते दिखे। चौपुला से अयूब खां चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर रोटरी भवन तक एक साइड में तो इसके आगे मार्ग के दोनों ओर वाहनों का संचालन हुआ। यहां वाहनों की संख्या सीमित होने से जाम नहीं लगा।