बरेली। कई प्रत्याशियों ने चुनाव खर्च में अपने नामांकन खर्च को शामिल ही नहीं किया है। इसे लेकर पर्यवेक्षक ने सभी उम्मीदवारों को चुनाव खर्च की गाइड लाइंस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यह भी बताया गया कि प्रत्याशी अपने खर्च का रजिस्टर किस तरह से तैयार करें।
प्रत्याशियों के साथ चुनाव संबंधी बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। बताया गया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के तहत सभी प्रत्याशी अपने खर्च का रजिस्टर पूरी सावधानी के साथ तैयार करें। जिसमें चुनावी सभा, रैली सहित अन्य चुनाव प्रचार के दौरान होने वाले सभी खर्चों का ब्योरा दर्ज हो। पर्यवेक्षकों ने इस बात पर असंतोष जाहिर किया कि तमाम प्रत्याशियों ने अपने व्यय रजिस्टर में अब तक नामांकन फीस संबंधी खर्च को दर्ज ही नहीं किया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामसेवक द्विवेदी ने प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को इसकी विस्तार से जानकारी दी कि वे किस तरह से खर्च का बहीखाता बनाए। उन्होंने बताया कि किस सामग्री पर कितना दाम होगा, इसकी रेट लिस्ट डीएम की अध्यक्षता में बनी समिति तैयार कर चुकी है। इसके आधार पर ही खर्च का हिसाब बनेगा। यह लिस्ट भी अच्छी तरह से पढ़ लें। निर्वाचन व्यय प्रभारी व वरिष्ठ कोषाधिकारी अनवर अहमद के साथ लेखा और वीडियो कवरेज टीम प्रत्याशियों के चुनाव संबंधी व्यय पर निगरानी रखते हुए उसका अलग से रजिस्टर तैयार करेंगी।