बरेली। आचार संहिता लगने से पहले ‘माननीयों’ ने सड़कों के करीब 20 करोड़ की लागत के 206 कामों का शिलान्यास कर दिया है। बताते हैं कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर काफी समय से यह दबाव था कि इन कामों को जल्द से जल्द मंजूर कराकर उनका उद्घाटन करा दिया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभाग की तरफ से शासन में कुछ और काम भी भेजे गए हैं। इनकी भी स्वीकृति जल्द ही मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग आचार संहिता लगने से पहले ही सड़क निर्माण के मंजूर कामों को शुरू कराने की कोशिश कर रहा है। जनप्रतिनिधि भी चाहते थे, आचार संहित लगे उससे पहले ही उनके नाम के साथ ही शिलान्यास के पत्थर लगा दिए जाएं। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने करीब बीस करोड़ के कामों के शिलालेख तैयार करा लिए। इसमें विधानसभा क्षेत्र नवाबगंज में 2.84 करोड़, मीरगंज में 4.49 करोड़, बहेड़ी में 2.74 करोड़, भोजीपुरा में 2.11 करोड़, बिथरी चैनपुर में 6.11 करोड़ और बरेली में करीब 55 लाख रुपये के काम स्वीकृत हुए हैं। शुक्रवार को सर्किट हाउस में स्वीकृत सड़कों का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सांसद तो मौजूद नहीं रहे, लेकिन विधायक डॉ. अरुण कुमार, डीसी वर्मा, छत्रपाल और बहोरन लाल मौर्या मौजूद रहे। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर राकेश राजवंशी, एक्सईएन हरबंश और वीएम शर्मा सहित कई और अधिकारियों की उपस्थित में सड़कों के इन कामों का उद्घाटन किया गया। आचार संहिता लगी भी तो ये काम नहीं रुकेंगे।
सड़क निर्माण और मरम्मत के कुछ महत्वपूर्ण काम
- नवाबगंज में हाफिजगंज बाईपास से हरहरपुर मटकली मार्ग तक 17.80 लाख
- पीलीभीत-बरेली मार्ग से फरीदपुर नहर की पटरी तक 16.13 लाख
- मीरगंज में इटौआ से अमृता मार्ग 15.20 लाख
- शीशमखेड़ा की गौटिया से अजमतगंज 17.790 लाख
- भोजीपुरा में फतेहगंज पश्चिमी से मो. मनकरी संपर्क मार्ग 42.410 लाख
- फरीदपुर में शाहपुर से सलेमपुर मार्ग तक 50.06 लाख
शासन से हाल में सड़कों के बड़ी संख्या में काम स्वीकृत होकर आए हैं। जनप्रतिनिधियों से इनका शिलान्यास कराया गया है। सड़कों के कुछ और काम भी जल्द ही स्वीकृत होने की उम्मीद है।
- हरबंश, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी