बरेली। अलखनाथ मंदिर के सामने रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने बृहस्पतिवार रात से लापता एक व्यापारी के परिवारवालों को सूचना दी। उसके परिवारवालों ने शव की शिनाख्त कर ली। इन लोगों ने रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस को दी तहरीर में हत्या का जिक्र नहीं है। इसमें सिर्फ दुकान का विवाद बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हादसे में मौत की बात सामने आई है।
किला क्षेत्र में अलखनाथ मंदिर से पास तुलसी मठ के सामने रेलवे क्रासिंग पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बृहस्पतिवार रात से लापता केलाबाग निवासी रंजीत सिंह यादव (55) के परिवारवालों को बुलाया गया। मोर्चरी पहुंचे उनके बेटे महेंद्र सिंह ने शव की शिनाख्त कर ली। महेंद्र ने बताया कि रंजीत को बृहस्पतिवार रात कुछ रिश्तेदार घर से बुला कर ले गए थे। इसके बाद से वह घर नहीं लौटे। बेटे ने रिश्तेदारों पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि रिश्तेदारों ने आठ महीने पहले हुई बहन की शादी में कुछ रुपये खर्च किए थे। वे लोग अब रकम वापस मांग रहे थे। इसी वजह से अक्सर झगड़ा होता था। इन लोगों ने उनकी दुकान पर भी कब्जा कर लिया था। आरोप है कि साजिशन पिता की हत्या कर दी गई। वहीं, इंस्पेक्टर किला डीसी शर्मा ने बताया कि रंजीत की मौत हादसे के कारण हुई है। तहरीर में भी हत्या की बात नहीं कही गई है। परिजनों के आरोपों के मुताबिक मामले की जांच की जाएगी।