बरेली। विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप पर छापा मारा तो कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले लेकिन बायोमेट्रिक मशीन उन्हें उपस्थित दिखा रही थी यानी ये कर्मचारी मशीन पर अपने कार्ड पंच कर नदारद हो गए थे। विजिलेंस टीम ने इस पर वर्कशॉप इंचार्ज की जमकर फटकार लगाई। टीम करीब तीन घंटे तक वर्कशाप में रही, इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा।
रेलवे वर्कशाप में तैनात कर्मचारियों के बायोमेट्रिक मशीन पर कार्ड पंच कर नदारद हो जाने की बात आम है, हालांकि अधिकारी सबकुछ जानते हुए भी इससे अनजान बने हुए थे। विजिलेंस टीम को इस बारे में लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर से आई विजिलेंस टीम ने वर्कशाप पर छापा मारा। टीम ने सबसे पहले बायोमेट्रिक मशीन चेक की तो पता चला कि उसमें सभी कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज है। इसके बाद टीम ने मेंटिनेंस एंड रिपेयर वर्कशॉप में कर्मचारियों को चेक किया तो पता चला कि चार कर्मचारियों के उनके साथियों ने कार्ड पंच किए हैंा ये कर्मचारी वर्कशाप में मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने पूछताछ में बताया कि वह आफिस के काम से बाहर गए हुए हैं। टीम करीब तीन घंटे तक वर्कशाप में रही। इस दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। टीम रिपोर्ट गोरखपुर में आला अधिकारियों को देगी।