बरेली। नवाबगंज विधायक केसर सिंह और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों के बीच विवाद लगातार गरमाता जा रहा है। इंजीनियरों का आरोप है प्रधानमंत्री सड़क योजना में बन रही एक सड़क का घटिया निर्माण होने की शिकायत पर पहुंचे विधायक ने मौके पर मौजूद जेई-एई के बीच के साथ मारपीट करते हुए अपहरण करने की कोशिश की है। इस मामले में विधायक के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
नवाबगंज से बीजामऊ होते हुए मटकापुर तक करीब 16 किलोमीटर रोड का निर्माण 6.75 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। क्षेत्रीय ग्रामीणों की शिकायत पर बीते गुरुवार लमखेड़ा पहुंचे विधायक केसर सिंह रोड निर्माण की घटिया क्वालिटी को देखकर काफी नाराज हुए। पीडब्ल्यूडी के एई-जेई और ठेकेदार को काफी फटकार लगाई। आरोप है कि विधायक ने जेई राकेश कुमार को पकड़कर मारापीटा और उसका अपहरण करने की कोशिश भी की। इस मामले को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर संघ ने शनिवार को संघ भवन में मीटिंग कर विधायक के खिलाफ केस दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इंजीनियरों का कहना है कि विधायक को अगर कोई दिक्कत थी तो उन्हें इसकी उच्चाधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए थी। अभियंताओं ने बताया कि इस मामले की तहरीर तैयार कर ली गई है लेकिन एक्सईएन के अवकाश पर जाने से रिपोर्ट दर्ज होने की कार्रवाई अभी नहीं हो सकी है। संघ के नेताओं का कहना है कि सोमवार को फिर से बैठक होगी। इसमें जिलेभर में कार्य बहिष्कार के साथ बड़े आंदोलन की तैयारी की जाएगी।
जेई को साइट से हटाया गया, रिपेयर कराई गई रोड
विधायक केसर सिंह की शिकायत के बाद पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता राजीव स्वामी ने जेई राकेश कुमार को साइट से हटा दिया है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त वाले रोड के हिस्से को फिर से दुरुस्त करा दिया गया है। अधीक्षण अभियंता का कहना है कि इस मामले की जांच एक्सईएन से करने को कहा है। अपहरण और मारपीट की बात तो पुलिस का मामला है। वह अपने स्तर से जांच करेगी। फिलहाल विभागीय कार्रवाई कर दी गई है।
पिटाई और अपहरण की बात गलत, केवल नाराजगी जताई थी : केसर सिंह
इस मामले में विधायक केसर सिंह का कहना है कि इस रोड का काम काफी खराब है। इसकी पीएमजीएसवाई के एक्सईएन राजीव स्वामी से भी चार-पांच दिन पहले की थी। रोड को चेक करने पहुंचा तो जेई-एई दोनों गायब थे। फोन से उच्चाधिकारियों से जब इसकी शिकायत की गई तो बाद में वे वहां आए थे। रोड उधड़ रही थी। डंडे से उसका निर्माण चेक किया था। इसमें इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से रोड को मनमाने तरीके से कराया जा रहा है। अपहरण और पिटाई की बात गलत है।