बरेली। सीएम योगी आदित्य नाथ 30 दिसंबर बरेली आएंगे या नहीं, यह शुक्रवार रात तक स्पष्ट न हो सका, लेकिन सरकारी मशीनरी तैयारियों में जुटी रही। सीएम कलक्ट्रेट या विकास भवन में बैठक कर सकते हैं और जिला अस्पताल के अलावा किसी गांव का दौरा कर सकते हैं, कलक्ट्रेट, विकासभवन और जिला अस्पताल को चमकाने का काम जोरशोर से चलता रहा। सर्किट हाउस चौराहा की जो सड़कें काफी समय से खस्ताहाल थीं, उन्हें भी दुरुस्त कराने का काम चल रहा है। इधर, डीएम की तरफ से पहले ही सभी अधिकारियों को इस बाबत आदेश जारी हो चुके हैं।
रविवार को सीएम शाहजहांपुर आ रहे हैं, इसलिए इसकी काफी संभावना है कि वह बरेली भी निरीक्षण करने आ सकते हैं। हालांकि शुक्रवार रात तक प्रशासन के पास कोई कार्यक्रम नहीं आया है। अधिकारी सीएम के अचानक आने पर कोई फजीहत न झेलनी पड़े, इसलिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट परिसर और कार्यालयों की साफ-सफाई और रिकार्ड दुरुस्त कराने में जुटे रहे। सर्किट हाउस में भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया। खस्ताहाल सड़कों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार शुक्ला ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को सीएम का हेलीकाप्टर उतरने के लिए अस्थायी हेलीपैड बनाने के लिए तैयार रहने को कहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अब तक कोई लिखित सूचना नहीं आई है, लेकिन पड़ोसी जिले शाहजहांपुर में सीएम का कार्यक्रम होने से उनका यहां अचानक दौरा हो सकता है। लिहाजा अधिकारियों को सजग कर दिया गया है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम