बरेली। घोड़ा बटालियन रोड पर वन वे के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कैंट बोर्ड को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी। कैंट बोर्ड ने अपना लिफाफाबंद जवाब एसपी ट्रैफिक को भेज दिया है, लेकिन इस जवाब में क्या लिखा है, इसका पता करीब आठ दिन बाद चलेगा क्योंकि एसपी ट्रैफिक छुट्टी चले गए हैं। उनके मातहत इस पत्र को उनके आने से पहले खोलने को तैयार नहीं है।
ट्रैफिक पुलिस से चली तकरार के बाद कैंट बोर्ड ने मामले पर सकारात्मक जवाब भेज दिया है। कैंट बोर्ड अधिकारियों ने इस मामले में कैंट एक्ट सेक्शन 258 के तहत निर्णय लिए जाने की बात कही है। ट्रैफिक पुलिस के पत्र पर कैंट बोर्ड ने अपना जवाब बृहस्पतिवार दोपहर एसपी ट्रैफिक को भेज दिया। पत्र एसपी ट्रैफिक को संबोधित होने की वजह से खोला नहीं गया। टीआई जेएन अस्थाना ने बताया कि एसपी ट्रैफिक अवकाश के बाद आएंगे तभी लिफाफा खोला जाएगा। जो भी जवाब लिखा है उसे लागू कराया जाएगा। कैंट बोर्ड सूत्रों ने वन वे की अनुमति दिए जाने का मामला बोर्ड बैठक में रखा जाने की संभावना जताई है। बताया जाता है कि कैंट एक्ट सेक्शन 258 के तहत रास्तों को बंद किए जाने के मामले में कोई भी निर्णय बगैर बोर्ड की संस्तुति के संभव नहीं हैं। कैंट बोर्ड एई आरके माहेश्वरी ने संबंधित जवाब में सकारात्मक निर्णय लिए जाने की बात कही है।