बरेली। एडीजी बरेली जोन प्रेमप्रकाश ने कहा कि पत्रकारिता में स्पष्टता, निर्भीकता और पारदर्शिता सबसे जरूरी है। किसी भी समाचार पत्र में ये सब चीजें देखने को मिलती हैं तो जनता उसे पसंद करती है। अमर उजाला की खबरों में रीडर के लिए सब कुछ है। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में हुए अमर उजाला शुभ लाभ महोत्सव-2018 के मेगा ड्रॉ और पुरस्कार वितरण समारोह में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों और गण्यमान्य लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निर्भीकता, निष्पक्षता और खोजी पत्रकारिता के बलबूते अमर उजाला ने बेमिसाल प्रगति की है। कई बार केस पुलिस को देर से पता चल पाते हैं, लेकिन अमर उजाला उन्हें बताकर पुलिस की मदद करता है।
जनता की आवाज है अमर उजाला: संतोष
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि अमर उजाला निष्पक्ष, स्पष्ट और निर्भीक खबरें देकर जनता की आवाज बन चुका है। कहीं भी जनता को न्याय मिलने में देरी होती है तो समाचार पत्र उन मामलों को उठाकर सबके सामने उजागर करता है। आज के दौर की पत्रकारिता में अमर उजाला ने जनता के बीच जिस तरह लोकप्रियता हासिल की है, उसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। केंद्रीय मंत्री ने अमर उजाला को आगे बढ़ने और दिनोंदिन तरक्की करने की शुभकामनाएं भी दीं।