वेटिंग टिकट पर राजधानी एक्सप्रेस में घुसे फौजी, हंगामा
जंक्शन पर दस मिनट खड़ी रही ट्रेन
बरेली। फौजियों के वेटिंग टिकट पर सामान समेत राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। टीटीई ने आरपीएफ और एमसीओ से फोर्स बुलाई लेकिन तब तक ट्रेन चल दी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के लखनऊ में चारबाग स्टेशन पर रुकने के दौरान फौजियों से कोच खाली कराया जाएगा। इस घटना क्रम की वजह से ट्रेन करीब दस मिनट जंक्शन पर खड़ी रही।
नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस दोपहर 1:40 बजे जंक्शन पहुंची, तभी सात-आठ फौजी वेटिंग ई-टिकट पर बी-1 कोच में चढ़ गए। टीटीई ने वेटिंग टिकट देखकर उन्हें रोका भी लेकिन वे नहीं माने। फौजियों के कोच में चढ़ते ही यात्री बाहर निकल आए और फौजियों को बाहर निकालने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची, लेकिन फौजी कोच से बाहर आने को राजी नहीं हुए। इसके बाद एमसीओ को बुलाया गया, लेकिन तब तक ट्रेन चल दी। हंगामे के चलते ट्रेन दस मिनट जंक्शन पर खड़ी रही। हालांकि रेलवे अफसरों का कहना है कि ट्रेन समय से पहले आ गई थी और नियत समय पर ही रवाना हुई। उन्होंने बताया कि मामले की चारबाग स्टेशन को सूचना दे दी गई है। वहां ट्रेन के रुकने पर फौजियों को कोच से उतार दिया जाएगा।