शोक अवकाश प्रकरण
सीडीओ ने डीडीओ और एएमई को भेजे नोटिस
मना करने के बावजूद घर गए कर्मचारियों का एक दिन का वेतन कटना तय
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। सीडीओ के मना करने के बावजूद शोकसभा कर घर जाने वाले डीडीओ और लघु सिंचाई विभाग के एएमई को नोटिस भेजकर पूरे स्टाफ की एक दिन की तनख्वाह काटने का निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कई अन्य विभागों के मुखिया को सोमवार को गायब रहने वाले कर्मचारियों का वेतन काटने का फरमान भी जारी कर दिया है। सीडीओ की सख्ती से विकास भवन के कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
जिला विकास विभाग के नाजिर अशोक शर्मा का होली के दिन निधन हो गया था। त्योहार की लंबी छुट्टी के बाद सोमवार को जब दफ्तर खुला तो डीडीओ दफ्तर का स्टाफ शोक अवकाश करने की तैयारी करने लगा। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने स्टाफ को बुलाकर यह हिदायत की होली की चार दिन की छुट्टी के बाद कार्यालय खुला है, इसलिए शोक अवकाश के बजाय दफ्तर के लंबित काम निपटा लें। इसके बावजूद स्टाफ अनुशासनहीनता करके घर चला गया। इससे नाराज होकर सीडीओ ने कुछ देर बाद विकास भवन के सभी दफ्तरों का निरीक्षण किया तो डीडीओ कार्यालय और लघु सिंचाई विभाग के दफ्तरों में ताला बंद था। इसके अलावा पीडी, डीपीआरओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और डीओ पीआरडी के कार्यालयों में भी कई कर्मचारी गायब मिले। सीडीओ ने डीडीओ और लघु सिंचाई विभाग के सहायक लघु अभियंता को नोटिस भेजकर पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। जबकि अन्य विभागों के मुखिया को भी यह फरमान दिया गया है है कि सोमवार को जो स्टाफ गायब हो, उन सभी का एक दिन का वेतन रोक दिया जाए।
इनसेट--
-फोटो---
लेटलतीफों ने ‘बायोमेट्रिक’ तक उखाड़ डाली
लेटलतीफी के आदी विकास भवन के कर्मचारियों पर शिकंजा कसने के लिए करीब तीन साल पहले तत्कालीन सीडीओ शिवसहाय अवस्थी ने तीन बायोमेट्रिक मशीनें लगवाई थी। बताते हैं कि उस वक्त एक मशीन 20 हजार रुपये में खरीदी गई थी। मगर, कर्मचारियों ने इस मशीन को ज्यादा दिनों तक बर्दाश्त नहीं किया। कुछ ही महीनों में ये शोपीस बनकर रह गईं। बाद में किसी ने इनकी रिपेयरिंग कराना तक मुनासिब नहीं समझा। दो मशीनें तो खराब पड़ी है। एक मशीन तो कर्मचारियों ने उखाड़ कर गायब ही कर दी है।
वर्जन
शोक अवकाश करने वाले कर्मचारियों की तनख्वाह रोकने के नोटिस दे दिए गए हैं। साथ ही विकास भवन कर्मी राइट टाइम रहें, इसके लिए बायोमेट्रिक मशीनों से उपस्थिति लगाने का सिस्टम जल्द ही फिर से लागू होगा। -सत्येंद्र कुमार, सीडीओ