तिलहर (शाहजहांपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने सोमवार को एक दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में पॉलिथीन पकड़ ली। एसडीएम ने नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी को पॉलिथीन देते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। सूचना पर छापा मारने के विरोध में व्यापारियों के साथ नगर पालिका पहुंचे भाजपा नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने जमकर हंगामा करते हुए कहा कि नियम विरुद्ध पॉलिथीन पकड़ी गई है यह गलत है। जबकि ईओ सर्वेश कुमार कुशवाहा ने कहा कि पकड़ी गई पॉलिथीन प्रदूषण की संगत में आती है। इसलिए नियम विरुद्ध है। तनाव को देखते हुए नगर पालिका में पुलिस बल बुला लिया गया। पॉलिथीन न छोड़ने पर भाजपा नेता ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। बाद में प्रदूषण बोर्ड की टीम बुलाकर जांच किए जाने के मसौदे पर मामला तय हुआ।
सीएचसी में ब्लीचिंग पाउडर पॉलिथीन में पैक होता देख डीएम अमृत त्रिपाठी ने नाराजगी जताई थी और चिकित्साधीक्षक पर जुर्माना भी किया। डीएम ने पॉलिथीन लाने का स्थान अस्पताल कर्मचारियों से पूछा तो उन्होंने मुख्य बाजार स्थित एक दुकानदार का पता बता दिया। डीएम ने खुलेआम पॉलिथीन बिक्री की जानकारी मिलने पर एसडीएम की फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि वह तत्काल दुकान पर छापा मारकर पॉलिथीन जब्त करके जुर्माना वसूलें।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम मोइन उल इस्लाम व नगर पालिका ईओ सर्वेश कुशवाहा ने स्टेशन रोड स्थित एक दुकान पर छापा मारकर भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद कर नगरपालिका ले आए। सूचना पर भाजपा नगराध्यक्ष संजय गुप्ता अपने समर्थकों व व्यापारियों के साथ नगर पालिका पहुंच गए उन्होंने ईओ सर्वेश कुशवाहा को खरी-खोटी सुनाते हुए नियम विरुद्ध कार्य करने पर आपत्ति जताई। जब्त की गई पॉलिथीन न छोड़ने पर भाजपा नगराध्यक्ष ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
डीएम के निर्देश पर छापा मारकर पॉलिथीन को जब्त किया गया है, प्रदूषण विभाग की टीम आकर मानक को देखकर आगे की कार्रवाई करेगी।
सर्वेश कुशवाहा,ईओ
पॉलिथीन को नियम विरुद्ध तरीके से पकड़ा गया है। जो पॉलिथीन पकड़ी गई है वह पकड़े जाने की परिधि में नहीं आती है। नगर पालिका बेवजह व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संजय गुप्ता,नगर अध्यक्ष भाजपा