बरेली। पानी की पाइपलाइन डालने के लिए मनमानी पर आमादा जल निगम ने श्यामगंज से मालियों की पुलिया तक शाहजहांपुर रोड को खोदकर डाल दिया है। पाइपलाइन डालने के बाद सड़क बनाने के बजाय उसे मिट्टी से भर दिया गया है। साथ ही सड़क किनारे भी मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए हैं। अमर उजाला की टीम ने रविवार को जब यहां का जायजा लिया तो सामने आया है कि जलनिगम की लापरवाही के चलते यहां कभी भी हादसा हो सकता है।
पिछले दिनों मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में ओवरहेड टैंक और करीब 25 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। अमृत योजना के तहत शुरू हुए इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी जल निगम को दी गई है। मगर जल निगम के अफसर मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं, जो सड़क से गुजरने वालों के लिए मुसीबत बन रहा है। पिछले दिनों श्यामगंज पुल के नीचे सड़क खोदकर डाल दी थी। अमर उजाला ने खुलासा किया तो गड्ढे ठीक किए गए लेकिन अब शाहजहांपुर रोड को खोदकर डाल दिया।
रामवाटिका में पाइपलाइन पहुंचाने को खुदाई
शाहजहांपुर रोड पर यह सड़क रामवाटिका में पाइपलाइन पहुंचाने के लिए की गई है जबकि इस कालोनी में अधिकांश लोगों के यहां सबमर्सिबल लगे हैं। इसके बावजूद पाइपलाइन वहां पहुंचाने की कवायद है। जबकि रामवाटिका के पीछे खुर्रम गौटिया का तमाम इलाका ऐसा है, जहां पाइपलाइन नहीं है।
पुराना शहर में भी खोदी सड़कें
पाइपलाइन बिछाने के लिए मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के पीछे और सूफी टोल रोड पर सड़क खोदकर डाल दी गई है। यहां भी पाइपलाइन डालने के बाद मिट्टी को ऐसे ही भर दिया गया है, जिससे जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
टेलीफोन लाइन भी काटी
आजाद इंटर कॉलेज के पीछे सैलानी रोड पर जल निगम की टीम ने टेलीफोन की लाइनें भी काट दी हैं। इसके चलते उस क्षेत्र में कनेक्टिविटी की दिक्कत हो गई है। साथ ही इंटरनेट की लाइनें भी बाधित हो गई हैं।
बरसात में धंस जाएगी मिट्टी, होंगे हादसे
जल निगम की टीम ने सड़क की पटरी के बजाय पाइपलाइन डालने के लिए मुख्य सड़क को खोदा है और पाइपलाइन डालने के बाद उसे मिट्टी से पाट दिया है। ऐसे में बरसात के दौरान यह मिट्टी धंसने से सड़क पर गड्ढे हो जाएंगे और हादसे का डर बना रहेगा।
नगर निगम का दिया हुआ प्रोजेक्ट है और निगम की ही सारी सड़के हैं। पाइपलाइन चेक होने के बाद उनकी मरम्मत करा दी जाएगी।
- आरसी अग्रवाल, एई, जल निगम
नगर निगम से किसी भी सड़क को खोदने की अनुमति लेने की मुझे जानकारी नहीं है। शाहजहांपुर रोड पीडब्ल्यूडी की है, निगम से उसका कोई मतलब नहीं।
- संजय चौहान, एक्सईएन, नगर निगम