पैंट्री कार हटेंगी, हॉट बुफे देगा गर्मागर्म ताजा खाना
लंबी दूरी की ट्रेनों में होगा बदलाव, अमरनाथ एक्सप्रेस से हुई शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। रेलवे ने लंबी दूरी की ट्रेनों में खानपान की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए परंपरागत पैंट्रीकार हटाकर उनकी जगह अत्याधुनिक वातानुकूलित एलएचबी हॉट बुफे कार यानी वेस्टीब्यूल्ड रसोई यान लगानी शुरू कर दी है। फिलहाल यह व्यवस्था सिर्फ एलएचबी कोच की रैक वाली ट्रेनों में की जा रही है। बरेली से गुजरने वाली गोरखपुर-जम्मूतवी में यह सुविधा शुरू कर दी गई है।
हॉट बुफे कार में सिलेंडर हटा दिया गया है लिहाजा आग लगने का खतरा खत्म हो गया है। इसकी जगह इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट लगाई गई हैं। धुआं और हानिकारक गैस बाहर निकालने के लिए कार में चिमनी लगाई गई है। इससे कार का तापमान भी नियंत्रित रहेगा। खाना ताजा रखने के लिए कार में डीप फ्रीजर, बॉटल कूलर, हॉट केस और वॉटर बॉयलर जैसे खास उपकरण लगाए गए हैं जो पैंट्रीकार में नहीं होते। फिलहाल गोरखपुर से चलकर बरेली से गुजरने वाली साप्ताहिक अमरनाथ एक्सप्रेस के अलावा गोरखपुर-ओखा एक्सप्रेस में भी यह कार लगी गई है। जल्द दूसरी ट्रेनों में भी पैंट्रीकार हटाकर इसे लगाया जाएगा।
एनईआर की 380 बोगियों में लगेंगे फायर सिस्टम
जानमाल की पूरी सुरक्षा के लिए कोचों, पॉवर कार और एलएचबी हॉट बुफे कार में फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम और फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं। बीड़ी-सिगरेट, लाइटर या माचिस का प्रयोग होने, चिंगारी उठने या तापमान बढ़ने पर तुरंत अलार्म बज जाएगा। प्रथम चरण में पूर्वोत्तर रेलवे की 297 यात्री बोगियों में फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम तथा 30 पेंट्रीकार और 53 पॉवर कार में फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
सुरक्षित यात्रा और खानपान की बेहतर सुविधा देने के लिए ट्रेनों में हॉट बुफे कार लगाए जा रहे हैं। तेजी के साथ यात्री सुविधाओं का विकास हो रहा है। शुरूआत अभी दे ट्रेनों से है, जल्द ही और गाड़ियां भी इस सुविधा से लैस की जाएंगी।
- पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनई रेलवे, गोरखपुर