बरेली। आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत पांच साल की उम्र पूरी कर चुके बच्चों का अब दीक्षांत समारोह मनाने के बाद उन्हें कक्षा एक में प्रवेश दिलाया जाएगा। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने रविवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग की बैठक में एक जुलाई से स्कूल चलो अभियान के तहत ये निर्देश दिए। साथ ही, अभियान को सफल बनाने के लिए सभी बीईओ, एडीओ, नोडल सह/समन्वयक समेत 146 न्याय पंचायत प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी।
सीडीओ ने गुणवत्तापूर्ण और समय से यूनिफॉर्म वितरण का निर्देश दिया। इसके लिए गठित कमेटी से जुलाई माह में कपड़ों का सत्यापन कराने को कहा है। यूनिफार्म वितरण प्रक्रिया में किसी तरह की वित्तीय अनियमितता और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। स्कूल चलो अभियान के तहत स्टेशनरी, बैग, जूते/मोजे आदि देकर पांच वर्ष की उम्र पूरी कर चुके बच्चों को विद्यालय से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 1013 स्कूलों में अधिकारियों की टीम दौरा करेगी। जो विद्यालय एक जुलाई को भ्रमण से छूट जाएंगे वहां दो जुलाई को टीम जाएगी। अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी जूनियर हारूननगला विद्यालय से हरी झंडी दिखाकर करेंगे। बैठक में यूनिफार्म वितरण और स्कूल चलो अभियान के बारे में जिला समन्वयक राकेश माथुर और बीईओ देवेश राय ने अब तक की स्थिति की जानकारी दी।