बरेली। भाजपा के बृज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत महेश्वरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने इस बार अपने सदस्यों की संख्या 1.80 करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। यह लक्ष्य पूरा होने के बाद पार्टी किसी भी चुनाव में अपराजेय हो जाएगी।
भाजपा के सिविल लाइंस कार्यालय पर आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि छह जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन से पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होगा जो तीन चरणों में चलेगा। पहला चरण बूथ स्तर पर होगा और दूसरा कैंप लगाकर जबकि तीसरे चरण में व्यक्तिगत संपर्क होगा। बूथों को इसके लिए ए, बी और सी कैटेगरी में बांटा गया है। ए कैटेगरी के बूथों पर कार्यकर्ता अभियान चलाएंगे। बी कैटेगरी के बूथों पर पदाधिकारी और सी कैटेगरी के बूथों पर विधायक, सांसद और मंत्री नए सदस्य बनाएंगे। 12 से 21 अगस्त तक सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि संगठन की दृष्टि से बरेली में आठ मंडल हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष दो मंडल बढ़ा सकते हैं। सदस्यता अभियान को गति देने के लिए पार्टी के 170 अल्पकालिक विस्तारक सात दिन के लिए नए सदस्य बनाने के लिए निकलेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जो बूथ कमजोर हैं, उन्हें और मजबूत करते हुए वहां ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने हैं। भाजयुमो, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, महिला मोर्चा, अनसूचित जाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा को ज्यादा से ज्यादा नए सदस्य बनाने हैं। भाजपा का नया सदस्य बनाने के लिए टोल फ्री नंबर 89-8080-8080 भी जारी किया गया है। बैठक में विधायक डॉ. अरुण कुमार, राजेश मिश्रा पप्पू भरतौल, डॉ. केएम अरोड़ा, गुलशन आनंद, पूरनलाल लोधी, उमेश कठेरिया, रामगोपाल मिश्रा, पुष्पेंदु शर्मा, राजबहादुर सक्सेना, मनोज यादव आदि शामिल थे।